Patna Crime News: पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हाईपुर गांव में छेड़खानी से तंग आकर 10वीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। 14 साल की छात्रा को चार युवक छह महीने से परेशान कर रहे थे। इस कारण छात्रा ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया था। चारों युवक 13 अक्टूबर को उसके गांव तक पहुंच गए। इससे वह बेहद सहम गई और फंदे से झूल गई। मृत छात्रा के पिता बाढ़ कोर्ट में वकील हैं। इनकी तीन बेटियों में छात्रा दूसरी बेटी थी। आरोपियों में दो युवक छात्रा के गांव के ही रहने वाले हैं। जबकि एक मोर गांव के दो अन्य आरोपी है।
पटना में 10वीं की छात्रा ने कर ली खुदकुशी
हाल में मैट्रिक परीक्षा का भरा था फॉर्म
छात्रा ने हाल ही में मैट्रिक परीक्षा देने के लिए फॉर्म भरा था। आत्महत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने चारों युवकों पर छेड़खानी करने, आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी अपने घर से फरार हैं। पुलिस का दावा है कि, बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कोचिंग के दौरान भी करते थे छेड़खानी
आरोप है कि, चारों युवक कोचिंग के दौरान भी छात्रा से छेड़खानी करते थे। उस पर अश्लील कमेंट किया करते थे, जिससे वह काफी परेशान रह रही थी। छात्रा के परिजन बदनामी के डर से इन युवकों के खिलाफ केस दर्ज नहीं करवा रहे थे। आखिरकार छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया था, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे। पीड़िता के पिता ने जब आरोपियों को समझाने की कोशिश की तो उन लोगों ने बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली थी। इनसे परेशान होकर ही छात्रा को मैट्रिक का फॉर्म भरवाने के लिए उसके पिता अपने साथ लेकर गए थे।
