पटना

Patna ICCC: शहर में कहीं फंसे तो एक कॉल करें, तत्काल मिलेगी मदद, मार्च से शुरू होगी सेवा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 19, 2023, 08:07 PM IST

Patna Integrated Control and Command Center: राजधानी में अब किसी भी आपात स्थिति में आपको तत्काल मदद मिलेगी। इसके साथ ही किसी भी अप्रिय घटना से जुड़ा फुटेज पुलिस को उपलब्ध हो जाएगा। इसके लिए शहर के एक बड़े हिस्से में हाईटेक कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों की मदद से शहर की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। पटना स्मार्ट सिटी योजना के तहत यह काम हो रहा है। अगले दो महीने में यह योजना पूरी कर ली जाएगी।

Image

पटना में बन रहा आईसीसीसी का स्क्रीन। फाइल फोटो

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से बन रहा इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर
  • दीघा गंगा पथ से गायघाट तक सेंटर के माध्यम से होगी निगरानी
  • 22 किलोमीटर के दायरे में लगाए जा रहे 2588 हाईटेक कैमरे

Patna News: शहर को मार्च से एक सुरक्षा कवच मिल जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (आईसीसीसी) बनाया जा रहा है। यह सेंटर दीघा गंगा पथ से मुख्य शहर डाकबंगला चौराहा होकर गायघाट तक काम करेगा। इस 22 किलोमीटर के दायरे में 2588 हाईटेक कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरे की मदद से 24 घंटे शहर की निगरानी की जाएगी। यह प्रोजेक्ट जनवरी में ही पूरा होना था, लेकिन क्षेत्र बढ़ाए जाने से अब मार्च में यह चालू होगा।

शहर के प्रमुख 50 जगहों पर पहली बार आईसीसीसी के तहत लोगों को कोई भी जानकारी देने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जा रहे हैं। इन हाईपावर लाउडस्पीकर सिस्टम की पूरी तकनीक को एक कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जाएगा। पब्लिक एड्रेस सिस्टम से किसी भी संबंधित इलाके के लोग तक सूचना कुछ सेकंड में भेजा जा सकेगा।

मिनटों में ऐसे मिलेगी मदद

शहर के बड़े भाग में इमरजेंसी कॉल बॉक्सेज (ईसीबी) भी लगाए जा रहे हैं। इमरजेंसी कॉल का लिंक सीधे कंट्रोल रूम से जुड़ा होगा। शहर का कोई भी आम आदमी किसी इमरजेंसी के दौरान टोल फ्री नंबर पर कॉल कर मदद मांग सकेगा या फिर किसी तरह की सूचना दे पाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कई तरह की नई तकनीक से शहर को अपग्रेड करने का काम चल रहा है।

नई तकनीक एवं प्लानिंग से कंट्रोल होगा ट्रैफिक

शहर में ट्रैफिक सिस्टम को भी दुरुस्त किया जाएगा। कोई गाड़ी कहीं से ट्रैफिक नियम तोड़ने पर कैमरे की जद में आ जाएगा। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम के तहत बड़ी प्लानिंग को मूर्ति रूप दिया जाना है। शहर की 30 जगहों पर एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लगाए जाएंगे। शहर को आधुनिक कैमरे की निगरानी में रखा जाएगा।

एक साथ 9 विभाग करेंगे काम

गांधी मदान के पास इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का भवन एवं पूरा सिस्टम बन गया है। ट्रायल के रूप में सेंटर से मॉनिटरिंग भी चल रही है। ग्राउंड फ्लोर पर बड़े हॉल में कई स्क्रीन लगाए गए हैं। इन स्क्रीन के माध्यम से ही शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। इस कंट्रोल रूम में आपदा, आपात, सुरक्षा, संरक्षा, निर्माण, प्रशासन समेत 9 विभाग साथ काम करेंगे। यह बड़ा डेटा सेंटर होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article