नोएडा-गाजियाबाद से पटना का सफर सोचते ही पसीने छूट जाते हैं। साल भर भरी रहने वाली ट्रेनें और त्योहारों के वक्त लगभग असंभव सी लगने वाली इस सफर को लेकर अब कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। एयर इंडिया एक्सप्रेस गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से पटना तक की रोजाना फ्लाइट शुरू करने जा रही है। जिसका टिकट भी किफायती होगा।
ट्रेन से कम होगी टिकट
नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ जैसे शहरों से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए ये फ्लाइट तोहफे जैसी है। ना दिल्ली एयरपोर्ट जैसी भारी भीड़, ना महंगा टिकट। इस फ्लाइट का शुरुआती किराया वंदे भारत ट्रेन की एग्जीक्यूटिव चेयर कार से भी कम है। टिकट की शुरुआती कीमत लगभग 4 हजार रुपये रखी गई है।
रोजाना भरेगी उड़ान
एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह फ्लाइट रोजाना पटना और गाजियाबाद के बीच उड़ान भरेगी। 180 सीटों वाला यह एयरक्राफ्ट रोजाना सुबह 11:50 बजे पटना से उड़ेगी और दोपहर 1:40 पर गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। वापसी की उड़ान दोपहर 2:25 बजे हिंडन एयरपोर्ट से होगी जो सुबह 4:10 बजे पटना पहुंचाएगी।
जल्द बढ़ेगा दायरा
पटना के बाद हिंडन एयरपोर्ट से लखनऊ प्रयागराज, अयोध्या और बनारस के लिए जल्द ही फ्लाइट शुरू होगी। इसके लिए पहले ही सहमति हो चुकी है लेकिन अधिकारियों ने अब तक कंपनी के नाम और तारीख की घोषणा नहीं की है।
1 मई से शुरू हो रही है सेवा
गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से पटना के लिए सीधी फ्लाइट की सेवा 1 मई से शुरू हो रही है। गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग ने इस सेवा पर कहा कि कहा कि दिल्ली NCR में बिहार के लोगों की संख्या अधिक है। ऐसे में पटना के लिए उड़ान शुरू करने मांग की जा रही थी। जल्द ही बनारस और लखनऊ के लिए भी उड़ान शुरू होगी। जब तक कंपनी की ओर से लिखित में सहमति नहीं मिल जाती तब तक हम उनका नाम नहीं बता सकते।
