Patna News: वाराणसी से सामानों से भरा 10 कंटेनर लेकर रविंद्र नाथ टैगोर जहाज शुक्रवार की रात पटना स्थित गायघाट बंदरगाह पर पहुंच जाएगा। इस जहाज पर पटना, बख्तियारपुर, मुजफ्फरपुर के व्यापारियों का पशुओं का प्रोटीनयुक्त चारा, बोतलबंद पानी, मकई से बनी खाद्य सामग्री लदी है। यह जहाज बुधवार को राष्ट्रीय जल मार्ग संख्या एक के रास्ते गाजीपुर पहुंचा था। भारतीय अंतरदेशीय जल मार्ग प्राधिकरण पटना के निदेशक एलके रजक का कहना है कि गंगा विलास जैसे क्रूज की तरह रविंद्र नाथ टैगोर जैसे मालवाहक जहाज बिना किसी परेशानी के गंगा नदी में परिचालित हो रहे हैं।
गायघाट पर सैकड़ों टन अनाज लेकर आया जहाज। फाइल फोटो
गंगा नदी में इन जहाजों के परिचालन के पर्याप्त पानी है। सड़क एवं रेल मार्ग से जल मार्ग से माल ढुलाई सस्ता होने की वजह से व्यापारियों का झुकाव इस ओर काफी अधिक बढ़ा है। स्प्रिंग प्रोफेशनल सर्विसेज के प्रबंध निदेशक कैप्टन इंद्र वीर सोलंकी का कहना है कि रविंद्र नाथ टैगोर जहाज शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का है। उनके साथ आर रोड कंपनी इस जहाज से व्यापारियों के सामान की ढुलाई कर रही है।
