Patna Accident News: पटना में रविवार रात को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे दो लोगों की मौत हो गई और एक शख्स घायल हो गया। इस घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क पर आगजनी की और हाईवे को पूरी तरह से जाम कर दिया। साथ ही टक्कर मारने वाली कार को भी तोड़फोड़ दिया। आक्रोशित लोगों का आरोप है कि कार में काफी मादक पदार्थ बरामद हुआ है। उन्होंने मृतकों को मुआवजा देने की मांग की है।
बीमार बेटे को इलाज के लिए ले जा रहा था शख्स
जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के खासपुर के रहने वाले बसंत यादव के 6 वर्षीय बेटे की तबीयत खराब थी। जिसका इलाज कराने के लिए वे डॉक्टर के पास कच्ची दरगाह जा रहे थे। वे अपने बेटे को लेकर बाइक से डॉक्टर के यहां जाने के लिए निकले थे। उनके साथ में मनी लाल यादव नाम का एक अन्य शख्स भी बाइक पर सवार था। तभी रास्ते में दियारा की ओर से एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को कुचल दिया। जिससे मनी लाल यादव और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बसंत यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव के लोगों ने किया हाईवे जाम
इस हादसे की सूचना मिलते ही पूरा गांव घटनास्थल पर पहुंच गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर आगजनी की और गाड़ी के साथ भी तोड़फोड़ की। इस घटना की जानकारी मिलते ही नदी थाना दिदारगंज थाना फतुहा डीएसपी सहित अन्य पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गयी। पुलिस ने स्थानीय जन प्रतिनिधि सरपंच अजय यादव की सहायता से लोगों को शांत कराया। जिसके बाद सड़क जाम को समाप्त कराया गया।
कार में मिले लोजपा रामविलास के पोस्टर
आक्रोशित लोगों का कहना था कि जिस गाड़ी से यह हादसा हुआ, उसमें कई सारे मादक पदार्थ और शराब मिली है। इस गाड़ी में लोजपा रामविलास के पोस्टर भी मिले हैं। लोगों ने मृतकों को मुआवजा देने की भी मांग की है। फतुहा डीएसपी ने बताया कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई हैं और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। वहीं कार में सवार सभी लोग फरार हो गए है। फिलहाल गाड़ी को जप्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
