बिहार की राजधानी पटना में यातायात की नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत पटना ट्रैफिक पुलिस ने नववर्ष के अवसर पर अपना नया लोगो भी जारी किया है। इस लोगो में सफेद और नीला रंग विजिबिलिटी और कंट्रास्ट के लिए इस्तेमाल किया गया है। यह लोगो सभी चेकपोस्ट और अन्य उपयुक्त स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा।
अब मोबाइल से चालान नहीं करेंगे पुलिसकर्मी
पटना ट्रैफिक पुलिस के एडीजी सुधांशु कुमार ने स्पष्ट किया है कि मैनुअल चालान प्रक्रिया नवंबर 2023 से ही बंद कर दी गई है। अब चालान केवल हैंडहेल्ड डिवाइस के माध्यम से ही किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कई बार अधिकारी मोबाइल से फोटो खींचकर चालान करते थे, लेकिन अब इसे पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यदि किसी चालान में फोटो पर अक्षांश, देशांतर, तारीख और समय की स्टांपिंग नहीं होती, तो संबंधित व्यक्ति एसपी के पास शिकायत दर्ज करा सकता है।
अलग-अलग जिलों में चालकों की पहचान और कार्रवाई
राज्यभर में 10,000 ऐसे चालकों की पहचान की गई है, जो बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं। इन चालकों का लाइसेंस अगले तीन महीने के लिए निलंबित किया जाएगा।
महिला पुलिसकर्मी संभालेंगी ट्रैफिक की जिम्मेदारी
बता दें कि 26 जनवरी से पटना की यातायात व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव होगा। ट्रैफिक एसपी अपराजिता लोहन ने बताया कि 54 प्रमुख चेकपोस्ट की कमान महिला पुलिसकर्मियों के हाथों में सौंपी जाएगी।
- 60 महिला अधिकारी और 250 महिला पुलिसकर्मी को यातायात संचालन में तैनात किया जाएगा।
- यातायात की प्रथम पाली का संचालन पूरी तरह महिला पुलिस बल द्वारा किया जाएगा।
- 8 डॉलफिन गाड़ियों की व्यवस्था की गई है, जिसमें चालक से लेकर अधिकारी तक सभी महिला कर्मी होंगी।
महिला पुलिसकर्मी परेड में लेंगी भाग
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पहली बार महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी परेड में भाग लेंगी। यह कदम न केवल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देगा, बल्कि पटना में यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी और अनुशासित बनाएगा। पटना ट्रैफिक पुलिस इस नई व्यवस्था के साथ शहरवासियों को बेहतर और पारदर्शी यातायात सेवाएं प्रदान करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
