Arrah News: बिहार के आरा जिले से एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है। यहां बेखौफ बदमाशों ने एक युवती को चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया। इस घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
चलती ट्रेन से लड़की को फेंका
अधिकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान तनु कुमारी (उम्र 20) के रूप में हुई है। वह सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन में यात्रा कर रही थी। बताया जा रहा है कि युवती होम्योपैथिक इलाज के लिए आरा जा रही थी, तभी यह घटना हुई। आरा स्टेशन से ठीक पहले बदमाशों द्वारा कथित तौर पर तनु का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया गया। जब तनु ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। ट्रेन से गिरने के कारण तनु के सिर, छाती और पीठ पर काफी चोटें आई है। लड़की के गिरने के बाद बदमाश उसका मोबाइल फोन लेकर वहां से फरार हो गए।
मोबाइल छीनने को कोशिश में दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय तनु 20 मिनट तक घायल अवस्था में रेलवे ट्रक पर पड़ी रही। स्थानीय लोगों ने उसे देखा और अधिकारियों को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार ने कहा, "फोन छीनने की घटना हुई, जिसमें एक महिला घायल हो गई, जांच चल रही है।" आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
