Patna Crime News: पटना के फुलवारी शरीफ में मोबाइल पर गेम खेल रहे युवक को उसके दोस्त ने गोली मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस वारदात में प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आया है। सूत्रों के अनुसार किसी लड़की को लेकर दोनों युवकों के बीच विवाद चल रहा था। जिस कारण इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पीछे से सिर में मारी गोली
मृतक की पहचान फुलवारी शरीफ के नया टोला मौलाबाग निवासी फिरोज के पुत्र अफरोज के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी और अफरोज के मित्र बॉबी ने बताया कि वे लोग मोबाइल में गेम खेल रहे थे। इसी दौरान छोटू नाम का युवक आया और अचानक अफरोज के सिर में पीछे से गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे एम्स पटना में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एम्स के डॉक्टरों ने उसकी मृत्यु की पुष्टि की है।
आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फुलवारी शरीफ डीएसपी 1 सुशील कुमार ने अफरोज की मौत की पुष्टि की है। पुलिस की जांच में अब हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
