पटना

सासाराम स्टेशन पर युवक ने डस्टबिन से तोड़ा कुंभ स्पेशल ट्रेन का गेट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, RPF ने दर्ज की शिकायत

सासाराम रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक कुंभ स्पेशल ट्रेन का गेट डस्टबिन के डिब्बे से तोड़ते हुए नजर आ रहा है। आरपीएफ ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और वीडियो की जांच की जा रही है। इन दिनों सासाराम स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों के गेट नहीं खोलने की भी बहुत शिकायतें मिल रही हैं।

Kumbh Special Train Broken: भारतीय रेलवे में इन दिनों यात्रियों की भयंकर भीड़ देखने को मिल रही है। ट्रेन में सफर करने वाले ज्यादातर लोग प्रयागराज में लगे महाकुंभ मेले में जाने वाले हैं। इस दौरान कई ट्रेनों में अंदर बेठे यात्री भारी भीड़ को देखते हुए गाड़ी का गेट नहीं खोल रहे हैं। जिस कारण टिकट होने के बावजूद लोग ट्रेनों में चढ़ नहीँ पा रहे हैं। इस बीच सासाराम रेलवे स्टेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक स्टील के डस्टबिन से कुंभ स्पेशल ट्रेन के बंद दरवाजे को तोड़ रहा है। चूंकि यह वायरल वीडियो है, जिसकी टाइम्स नाउ नवभारत पुष्टि नहीं करता है।

आरपीएफ पुलिस ने दर्ज की FIR

इस घटना के संबंध में सासाराम के आरपीएफ ने एफआईआर दर्ज की है। जिसके आधार पर इस मामले में छानबीन शुरू कर दी गई है। दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक सासाराम स्टेशन का यह वायरल वीडियो 28 जनवरी का है। यह घटना सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर हुई। जहां एक युवक स्टील के डस्टबिन के डिब्बे से ट्रेन को नुकसान पहुंचा रहा है। युवक कुंभ स्पेशल ट्रेन के एसी कोच के दरवाजे पर लगातार प्रहार कर रहा है। जिससे गेट पर लगा कांच टूट भी जाता है।

आरोपी के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई

सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सासाराम सटेशन पर सुरक्षा बढ़ाने और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि सासाराम स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों के गेट नहीं खोले जा रहे हैं। यह घटना दिखा रही है, कि रेलवे प्रशासन को इन समस्याओं पर ध्यान देने की बहुत जरूरत हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article