सासाराम : बिहार में भ्रष्टाचारी अधिकारियों का बोलबाला है। यही कारण है कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने मधुबनी के जयनगर और सासाराम सदर अंचल में रिश्वतखोरी के मामलों में एक्शन लेते हुए दोनों अंचलों के सर्कल ऑफिसर्स (सीओ) का ट्रांसफर कर दिया है। सासाराम सदर के सीओ सुधीर कुमार ओंकारा और जयनगर की सीओ कुमारी सुजाता को पटना मुख्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया है। 24 मई को, सासाराम सदर अंचल के डाटा इंट्री ऑपरेटर को पटना की निगरानी विभाग की टीम ने 1.10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। वहीं, जयनगर के अंचल निरीक्षक अजय मंडल को 3 लाख रुपये की घूस लेते गिरफ्तार किया गया।
जमीन की दाखिल खारिज करने के लिए मांगे 20 लाख
हिंदुस्तान की खबर के मुताबिक, अजय मंडल ने दो कट्ठा जमीन की दाखिल-खारिज के लिए भूमि मालिक से 20 लाख रुपये की मांग की थी। निगरानी डीएसपी सुजीत सागर ने बताया कि इस मामले में केवल सीआई नहीं, बल्कि अन्य राजस्व कर्मचारी और अधिकारी भी शामिल हैं, जिनकी जांच की जा रही है। सासाराम सदर अंचल के डाटा ऑपरेटर आकाश कुमार दास ने भी दाखिल-खारिज के नाम पर 1.10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए है और किसी भी परिस्थिति में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन अंचलों के कर्मी रिश्वत लेते हुए पकड़े गए हैं, वहां के अंचलाधिकारियों को हटा दिया गया है।
