पटना

Patna: वायु सेना केंद्र स्थित केंद्रीय विद्यालय में दिखा तेंदुआ, प्रशासन ने स्कूल किया स्थगित, निर्माण कार्य पर लगी रोक

बिहटा वायुसेना केंद्र के केंद्रीय विद्यालय कैंपस में लगे सीसीटीवी में देर रात तेंदुए को घूमते हुए देखा गया। तेंदुए की मौजूदगी से यहां हड़कंप मच गया और प्रशासन ने स्कूलों को स्थगित किया। वन विभाग द्वारा तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है।

Image

वायु सेना केंद्र स्थित केंद्रीय विद्यालय में दिखा तेंदुआ

Patna News: बिहार के पटना से सटे बिहटा वायु सेना केंद्र स्थित केंद्रीय विद्यालय कैंपस में देर रात तेंदुए को घुमते हुए देखा गया। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को घूमने की वीडियो रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में आप तेंदुए को कैंपस में चहलकदमी करते हुए देख सकते हैं। केंद्रीय विद्यालय के कैंपस में तेंदुए के कारण दहशत का माहौल बना हुआ है। देर रात तेंदुए की हलचल को देख वायुसेना प्रशासन ने स्कूल को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। कैंपस परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को भी रोक दिया गया है। प्रशासन द्वारा वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई है। तेंदुए के दिखने की सूचना मिलते ही वन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और उसे पकड़ने का कार्य शुरू किया गया।

जिला वन प्रबंधन अधिकारी गौरव ओझा ने बताया कि वायु सेना के कैंपस में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली थी। प्रशासन द्वारा प्राप्त फोटो और वीडियो देख तेंदुआ होने की पुष्टि हुई है। तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एक टीम को भेजा गया है। लगातार उसे पकड़ने के लिए कार्य किया जा रहा है। तेंदुए को पकड़ने के लिए दो बड़े पिंजरे और कई कैमरे अलग-अलग स्थान लगाए गए हैं। तेंदुए को जल्द से जल्द रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही ताकि स्कूलों को पुनः शुरू किया जा सके और निर्माण कार्य भी चल सके।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article