Patna News: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में गुरुवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहां अपराधियों ने जमीन कारोबारी पारस राय की उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि चार अपराधी दो बाइकों पर सवार होकर आए थे और उन्होंने घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पारस राय को इस हमले में तीन गोलियां लगीं।
मौके पर पहुंचे पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से छह खोखे बरामद किए हैं। घटनास्थल पर पहुंचे सीटी एसपी पश्चिमी सरथ आर एस और एएसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि यह हत्या जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा?
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों ने घर में घुसकर बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी रोष है और वे पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
