पटना

बिहार में पकड़ा गया 10 लाख का इनामी खालिस्तानी आंतकी, 9 साल पहले पंजाब जेल से हुआ था फरार

NIA और मोतिहारी पुलिस ने 10 लाख रुपये के इनामी खालिस्तानी आतंकी कश्मीर सिंह को हिरासत में लिया है। आरोपी पर कई संगीन आरोप लगे हैं, और मामले की जांच अभी जारी है। जानकारी के मुताबिक, 2016 में पंजाब की नाभा जेल से आरोपी फरार हुआ था।

Image

NIA ने किया खालिस्तानी आंतकी को गिरफ्तार

Photo : ANI

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और मोतिहारी पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता प्राप्त की, जिसमें 10 लाख रुपये के इनामी खालिस्तानी आतंकी कश्मीर सिंह उर्फ बलबीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र में की गई। जानकारी के अनुसार, NIA को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात आतंकी कश्मीर सिंह मोतिहारी में छिपा हुआ है। कश्मीर सिंह 2016 में पंजाब की नाभा जेल से भागा था।

जानकारी के आधार पर, NIA ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात से संपर्क किया और आतंकी को पकड़ने में सहयोग मांगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसपी स्वर्ण प्रभात ने तत्काल प्रभाव से सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिवम् धाकर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इस टीम ने NIA अधिकारियों के साथ नगर थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान के तहत, टीम ने आतंकी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

संदिग्ध वस्तुएं बरामद, जांच जारी

आरोपी के पास से कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद होने की सूचना मिली है। हालांकि, सुरक्षा कारणों और जांच की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए, NIA और स्थानीय पुलिस ने अभी तक इन वस्तुओं के बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इन वस्तुओं की गहन जांच की जा रही है ताकि संभावित आतंकी गतिविधियों और उसके नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें।

कश्मीर सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने वर्ष 2023 में खालिस्तानी अलगाववादी और कुख्यात आतंकी कश्मीर सिंह गलवड्डी उर्फ बलबीर सिंह पर 10 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया था। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, कश्मीर सिंह भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई गंभीर धाराओं के तहत दोषी था। 2016 में पंजाब के नाभा जेल ब्रेक मामले में उसका मामला सामने आया था। इस घटना में, वो पुलिस की वर्दी पहनकर आए 20 से अधिक अपराधियों के साथ मिलकर जेल की सख्त सुरक्षा व्यवस्था को भेदते हुए फरार हो गया था। इसके अतिरिक्त, NIA के अनुसार, कश्मीर सिंह 2013 में पंजाब के गुरदासपुर में एक हिंदू नेता पर हुए जानलेवा हमले में भी सक्रिय भूमिका निभा चुका है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article