Extension of JP Ganga Path: पटना के लोगों के लिए बेहद अच्छी खबर है। जेपी गंगा पथ का पश्चिम दिशा में भी विस्तार होगा। दीघा से बिहटा तक यह पथ बनेगा। इसको लेकर पथ निर्माण मंत्री तेजस्वी यादव ने सहमति भी जता दी है। इससे पहले मनेर तक विस्तार की बात कही गई थी। वहीं, पूरब में जेपी गंगा पथ बख्तियारपुर तक बनाया जाना है। मंत्री ने कहा है कि गंगा पथ के पहले चरण में दीघा से दीदारगंज तक निर्माण होना है। इस सड़क की लंबाई 20.5 किलोमीटर है। इस साल के अंत तक यह निर्माण पूरा हो जाएगा।
यह भी कहा कि दीघा से पीएमसीएच तक जेपी गंगा पथ का लोकार्पण हो चुका है। गंगा पथ के पहले चरण के निर्माण पर 3831 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान था। हालांकि इसमें वृद्धि होने की संभावना है। मंत्री के मुताबिक दूसरे चरण में जेपी गंगा पथ का दोनों ओर विस्तार होगा। इसके तहत शेरपुर से बख्तियारपुर तक मार्ग बनाया जाएगा। इस रूट के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जा रही है। मंत्री ने कहा कि शहर की सड़कों पर ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
