अगले शुक्रवार यानी 14 मार्च 2025 को हर तरफ रंगों के त्योहार होली की धूम होगी। बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने घरों की ओर रुख कर रहे हैं। नजदीकी शहरों से घर जाने वाले लोग सड़क मार्ग से ही घर ओर जा रहे हैं, जबकि लंबी दूरी के लोगों को ट्रेन या हवाई जहाज का ही सहारा है। महंगा हवाई सफर हर किसी के बस की बात नहीं, ऐसे में पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने वाली ट्रेन का रास्ता ही शेष बचता है। देश के लोग होली के त्योहार को अपनों के बीच मनाएं, इसके लिए भारतीय रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। यह ट्रेनें पिछले कई दिनों से चल रही हैं और होली के बाद लोगों के लौटने तक चलेंगी। ऐसी ही एक होली स्पेशल के रूप में भारतीय रेलवे ने दिल्ली और पटना के बीच वंदे भारत भी चलाई है। जी हां, दिल्ली-पटना होली स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस, जिसका पहला ट्रिप आज यानी शनिवार 8 मार्च को लग रहा है। चलिए जानते हैं इसके बारे में सब कुछ।
बिहार के लोग बड़ी संख्या में दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं। ऐसे में जब रंगों का त्योहार मनाने के लिए अपनों के बीच जाना चाहते हैं तो भारतीय रेलवे ने दिल्ली और पटना के वंदे भारत होली स्पेशल चलाने का फैसला किया है। स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नई दिल्ली से पटना तक चलेगी। यह होली स्पेशल आज यानी 8 मार्च से 21 मार्च तक चलेगी, ताकि होली पर ट्रेनों की भीड़ को कम करने में कुछ मदद मिले। नई दिल्ली-पटना स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस रास्ते में कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, बलिया, छपरा और पाटलीपुत्र जंक्शन पर रुकेगी।
नई दिल्ली-पटना होली स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइमिंग
जैसा कि हमने ऊपर ही बताया कि नई दिल्ली और पटना के बीच होली स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस आज 8 मार्च से 21 मार्च के बीच चलेगी। ईस्ट-सेंट्रल रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन्स ऑफिसर (CPRO) सरस्वती चंद्रा ने बताया कि होली स्पेशल 16 कोच की वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। उन्होंने जानकारी दी की यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर बाकी सभी दिन नई दिल्ली से सुबह 8.30 बजे चलेगी और उसी दिन रात 10.30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में हर मंगलवार छोड़कर ट्रेन पटना से सुबह 5.30 बजे चलकर उसी दिन रात 8.10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
होली स्पेशल वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा भी 14 अन्य होली स्पेशल ट्रेनें दिल्ली और पटना के बीच चलाई जा रही हैं, ताकि यात्रियों के दबाव को कुछ कम किया जा सके। यह होली स्पेशल ट्रेनें 25 मार्च तक चलेंगी। दिल्ली-पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 से 17 मार्च के बीच चल रही है। यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 11.35 बजे चलकर अगले दिन शाम 4.40 बजे पटना पहुंच रही है। वापसी में ट्रेन पटना से शाम 5.50 बजे चलकर अगले दिन सुबह 10.25 बजे नई दिल्ली पहुंच रही है।

महिला दिवस पर ऑल वुमन वंदे भारत एक्सप्रेस
आनंद विहार-राजगीर स्पेशल 7, 11, 14 और 18 मार्च को दिल्ली में आनंद विहार से रात 12.30 बजे चलकर शाम 4.15 बजे पटना और रात 7.50 बजे राजगीर पहुंच रही है। इसी तरह वापसी में ट्रेन राजगीर से रात 11.30 बजे चलकर अगले दिन शाम 7 बजे दिल्ली के आनंद विहार पहुंच रही है।
बिहार के लिए ये होली स्पेशल भी चल रही हैं
भारतीय रेलवे ने होली के अवसर पर बिहार के अलग-अलग शहरों के बीच कई होली स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। उन सभी स्पेशल ट्रेनों की लिस्ट हम यहां दे रहे हैं। आप अपनी सुविधानुसार उनमें टिकट बुक करवा सकते हैं -
- दिल्ली-भागलपुर (Delhi-Bhagalpur)
- नई दिल्ली-गया (New Delhi-Gaya)
- आनंद विहार-मुजफ्फरपुर (Anand Vihar-Muzaffarpur)
- योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर (Yog Nagari Rishikesh-Muzaffarpur)
- नई दिल्ली-सहरसा (New Delhi-Saharsa)
- आनंद विहार- जोगबनी (Anand Vihar-Jogbani)
- आनंद विहार-जयनगर (Anand Vihar-Jaynagar)
- आनंद विहार-सीतामढ़ी (Anand Vihar-Sitamarhi)
- अमृतसर-सहरसा (Amritsar-Saharsa)
- सरहिंद-जयनगर (Sirhind-Jaynagar)
इन होली स्पेशल ट्रेनों के अलावा नियमित ट्रेनें भी पटना के लिए चल रही हैं। होली के अवसर पर अपनों के बीच जाने के लिए आपको जिस ट्रेन में सीटें मिलें उसमें बुक करवा सकते हैं।
