पटना

आतंकी हमले की आशंका के चलते बिहार में हाई अलर्ट जारी, पुलिस कर रही है प्रदेश की सख्त निगरानी

बिहार पुलिस ने प्रदेश में आतंकी हमले की आशंका के चलते हाई अलर्ट जारी किया है। कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई है। विधानसभा, सचिवालय, और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। होटलों, लॉज और रेलवे स्टेशनों पर जांच बढ़ाई गई है।

Image

बिहार में हाई अलर्ट जारी

Photo : iStock

पहलगाम हमले के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट में आतंकी घटनाओं की संभावना को ध्यान में रखते हुए नेपाल से लगने वाले बॉर्डर पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आईएसआई की गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को कड़ी चौकसी बरतने के लिए कहा गया है। बिहार से सटे इंटरनेशनल बॉर्डर पर चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने राज्य के सभी जिलों के एसपी को सतर्क रहने के लिए अलर्ट भेजा है। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया पर हमले से जुड़े वीडियो और कमेंट्स पर विशेष नजर रखने की बात कही गई है। आशंका जताई गई है कि आतंकी संगठन किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंच सकता है। इसके लिए उन्होंने राजनीतिक और धार्मिक व्यक्तियों को संभावित निशाना बनाए जाने की चेतावनी दी है।

इन इलाकों में हाई अलर्ट

बिहार पुलिस ने गया स्थित महाबोधि मंदिर, पटना के हनुमान मंदिर, पटना जंक्शन, बरौनी पाइप लाइन, पटना एयरपोर्ट, गया एयरपोर्ट, दरभंगा एयरपोर्ट, बरौनी रिफाइनरी, एनटीपीसी बाढ़, गुरु गोविन्द साहब गुरुद्वारा, इण्डियन ऑयल टर्मिनल सिपारा की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया है।

सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश

हाई अलर्ट की वजह से विधान सभा, विधान परिषद, सभी सचिवालयों, पटना हाई कोर्ट की सुरक्षा बढ़ाने को कहा गया है। सभी जिलों में मॉल, रेलवे स्टेशन, बड़ी दुकान, होटल, रेस्तरों, बस अड्डा, ऑटो स्टैण्ड, हॉस्पीटल, स्कूल, हवाई अड्डा, धार्मिक स्थलों एवं भीड़ भाड़ वाले स्थलों पर पुलिस निगरानी और गश्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article