पटना

PM आवास योजना का पैसा तो लिया, लेकिन घर नहीं बनाया; अब सरकार ने डेढ़ लाख लोगों को भेजा नोटिस

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के 1.50 लाख लाभार्थियों को सरकार ने नोटिस जारी किया है। यह वे लोग हैं जिन्होंने योजना की सारी किश्तें आने के बावजूद घर बनवाने का काम पूरा नहीं कराया है। ऐसे में इन्हें व्हाइट और रेड नोटिस जारी किए गए हैं और 19,495 लोगों पर सर्टिफिकेट केस भी दर्ज कर लिया गया है।

Image

डेढ़ लाख लोगों को भेजा गया नोटिस

Photo : Twitter

बिहार सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के 1.50 लाख आवेदनकर्ताओं के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया है। यह वे आवेदनकर्ता हैं जिन्हें इस योजना के तहत घर बनाने के लिए सरकार की तरफ से राशि मुहैया कराई गई थी और इन्होंने अपने मकान नहीं बनाए। ऐसे में नोटिस जारी कर सरकार की तरफ से जवाब मांगे जा रहे हैं।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 6 लाख 21 हजार पीएम आवासों को मंजूरी मिली है। इसमें 2.38 लाख लाभार्थियों को पहली किश्त जारी भी हो गई है। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने विधानसभा में बताया कि 1.50 लाख से अधिक लाभार्थियों ने उनके बैंक खातों में राशि जमा होने के बावजूद पक्के मकान नहीं बनाए हैं या निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया है।

श्रवण कुमार के अनुसार कुल 82 हजार, 441 लाभार्थियों को 'व्हाइट नोटिस' दिया गया है। व्हाइट नोटिस विभाग की एक चेतावनी है,जो पक्के मकान बनाने को लेकर है। 67 हजार, 733 लाभार्थियों को 'रेड नोटिस' जारी किया गया है। जो कई चेतावनियों के बाद भी मकान न बनाने की कार्रवाई को लेकर है। जो लोग रेड नोटिस के बाद भी बाज नहीं आते, उनके खिलाफ 'सर्टिफिकेट केस' दर्ज किया जाता है। विभाग ने उन 19 हजार, 495 लोगों के खिलाफ 'सर्टिफिकेट केस' दर्ज किया है। यानी 19 हजार, 495 लोगों ने योजना के तहत कई महीने पहले दी गई सारी किश्तों और उसके बाद चेतावनियों के बावजूद मकान नहीं बनाए हैं।

अप्रैल 2016 में शुरू हुई प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बुनियादी सुविधाओं के साथ कम से कम 25 वर्ग मीटर के पक्के मकान उपलब्ध कराए जाते हैं। इस योजना में मकान बनाने के लिए लाभार्थी को 1 लाख,20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। ये राशि मैदानी क्षेत्रों के लिए है। पहाड़ी क्षेत्रों में ये राशि 1 लाख, 30 हजार रुपये प्रति इकाई है। जिसका 60 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार की तरफ से और शेष 40 फीसद राज्य सरकार देती है।

बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने विधानसभा में यह जानकारी दी कि बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत चल रहे सर्वे में अब तक 38 लाख, 98 हजार ऐसे परिवार चिह्नित किए गए हैं, जिनके पास पक्का मकान नहीं है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article