पटना

Patna Jewelers Robbery: पटना में 60 सेकंड में 50 लाख के सोना की लूट, ज्वेलर्स से लूट का वीडियो वायरल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 31, 2023, 08:17 PM IST

Patna News: पटना में एक बार फिर से अपराधी बेखौफ हो गए हैं। अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। दिनदहाड़े कारोबारियों से लूट को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला एनएमसीएच रोड पर का है। यहां एक स्वर्ण व्यवसायी से लूट का वीडियो वायरल हो रहा है। व्यवसायी से लाखों रुपए के सोने की लूट की गई है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Image

लूट का वायरल वीडिया फुटेज

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • सोना कारोबारी गोविंद कुमार से हुई थी लूट
  • ज्वेलर्स अपने दोस्त व ड्राइवर के साथ जा रहे थे दुकान पर
  • एनएमसीएच रोड पर अवध ग्रीन हॉल के पास की घटना


Patna Jewelers Robbery Footage: राजधानी में मुख्य सड़क पर 60 सेकंड में एक कारोबारी से 50 लाख रुपए के सोने की लूट हो गई। लूट को अंजाम देने के बाद तीन अपराधी बड़े आराम से भाग भी निकले। घटना 28 जनवरी की है। इसका वीडियो अब वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में दिख रहा है सड़क पर तीन लड़के खड़े थे। जब कारोबारी वहां से गुजर रहे थे तो अपराधियों ने कार रोकने के लिए कहा। कार रुकने पर मोबिल गिरने की बात कहकर कारोबारी को नीचे उतरवाया। कारोबारी अपनी कार देखने लगे, तभी अपराधी कार के अंदर से सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

गौरतलब है कि कारोबारी गोविंद कुमार का पटना सिटी के खाजकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सोना टोली में घर है। वह बाकरगंज में अपनी ज्वेलरी की दुकान संचालित करते हैं। घटना वाले दिन गोविंद अपने ड्राइवर और दोस्त श्याम कुमार के साथ कार में बैठकर दुकान पर जा रहे थे। उनकी कार एनएमसीएच रोड पर अवध ग्रीन हॉल के पास पहुंची थी, जहां लूट को अंजाम दिया गया।

पुलिस के हाथ अब भी खाली

पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो चुकी है। इसके बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वैसे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। कारोबारी ने आलमगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इससे पहले 24 नवंबर 2022 को बिहटा में कारोबारी से सोने की लूट को अंजाम दिया गया था। अपनी दुकान खोल रहे व्यवसायी से अपराधियों ने सोने से भरा बैग लूट लिया था। इस घटना से आक्रोशित व्यवसायियों और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था।

कई स्वर्ण कारोबारियों से हो चुकी है लूट

सूबे में अपराधियों के निशाने पर स्वर्ण कारोबारी हैं। पटना समेत कई जिलों में इनसे लगातार लूट को अंजाम दिया जा रहा है। ज्यादातर मामलों में अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। स्वर्ण कारोबारियों ने इसको लेकर डीजीपी से मुलाकात भी की थी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कारोबारियों को सुरक्षा देने एवं प्रतिष्ठान के पास गश्ती कराने की मांग की है। हालांकि इस मुलाकात के बाद भी लगातार लूट की घटनाएं हो रहीं हैं। इससे स्वर्ण कारोबारियों में दहशत फैली हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article