पटना

Patna Rain: पटना में बारिश का कहर! बढ़ा गंगा का जलस्तर, डूबे कई घाट

Patna Rain: राजधानी पटना में बारिश का दौर जारी है। बारी के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। जल निकासी के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग एक्शन मोड पर हैं। बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई घाट डूब गए हैं। आस-पास रहने वाले लोगों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है

Image

पटना में बारिश का कहर

Patna Rain: बिहार में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार की राजधानी पटना में पिछले कुछ दिनों से हल्की से तेज बारिश दर्ज की जा रही। बारिश के कारण हुए जलजमाव ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। वहीं गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। नदी का पानी मरीन ड्राइव के नजदीक पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर से लोगों की परेशानी और बढ़ने लगी है। गंगा के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से कई घाट डूब गए हैं, लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

जल निकास के लिए किए जा रहे हैं प्रयास

नगर विकास एवं आवास विभाग ने राजधानी की पाटलिपुत्र कॉलोनी, गोसाई टोला, नेहरू नगर समेत कई अन्य इलाकों से जल निकास को लेकर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। बता दें कि नगर निगम द्वारा नालों की सफाई एवं उड़ाही का काम किया जा रहा है तथा बिहार शहरी आधारभूत अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) द्वारा पंप के माध्यम से पानी को निकालने का कार्य शुरू किया गया है। पाटलिपुत्र, नेहरू नगर एवं गोसाई टोला क्षेत्र में जल निकासी के लिए उच्च क्षमता के दो अतिरिक्त ट्रॉली माउन्टेड पम्प लगाकर निकासी कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा नगर आयुक्त, पटना नगर निगम को नोट्रेडम एकेडमी स्कूल के पास दो अतिरिक्त पम्प लगा कर पानी निकालने के भी निर्देश दिए गए हैं।

पाटलिपुत्र स्लुईस गेट बंद

गंगा नदी के रिसाव को कम करने के लिए पाटलिपुत्र स्लुईस गेट बंद किया गया है। गोसाई टोला में भविष्य में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसे ध्यान में रखते हुए स्टैण्ड बाई पम्प की भी उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। आनंदपुरी नाला को अतिक्रमण मुक्त रखने का काम तथा पुनः सफाई कार्य भी कराया जाएगा। जल निकासी को लेकर उच्च क्षमता के 20 पंप किराए पर रखे जाएंगे जिससे पटना शहर के सभी क्षेत्रों से जल निकासी हो सके।

(इनपुट-IANS)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article