पटना में बीते 24 घंटे के भीतर अपराधियों ने चार लोगों को गोली मार दी, जिससे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। ये घटनाएं खाजेकलां, अगमकुआं और चौक थाना क्षेत्रों में हुईं। शनिवार की रात एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया, जबकि रविवार सुबह अगमकुआं क्षेत्र में एक ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
दोपहर में चौक थाना क्षेत्र में एक अन्य युवक को गोली मार दी गई, वहीं रात में खाजेकलां थाना क्षेत्र के दुल्ली घाट पर कारोबारी मंटू राय की हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं और मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से पुलिस प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।
