पटना

Shivdeep Lande: पूर्व IPS शिवदीप लांडे की सियासी पारी शुरू, 'हिन्द सेना' नाम से बनाई राजनीतिक पार्टी

IPS Shivdeep Lande: बिहार की राजधानी पटना में एक प्रेस वार्ता में शिवदीप लांडे ने कहा, 'मैं पुलिस में था और सेवाकाल की शुरुआत ही 'जय हिंद' से होती थी, इसलिए 'हिंद' का प्रयोग पार्टी के नाम में किया है।'

Image

पूर्व आईपीएस अधिकारी और बिहार के चर्चित पुलिस अफसरों में शुमार शिवदीप लांडे

IPS Shivdeep Lande: पूर्व आईपीएस अधिकारी और बिहार के चर्चित पुलिस अफसरों में शुमार शिवदीप लांडे ने मंगलवार को राजनीति में अपनी एंट्री की घोषणा करते हुए 'हिन्द सेना' नाम से राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया। उन्होंने राज्य में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भी उतरने की बात कही।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि 'हिंद सेना' के सदस्य बिहार के हक के लिए लड़ेंगे। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पलायन और नौकरी तो बड़ी बात है, बिहार में कई इलाके ऐसे हैं जहां अभी भी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, पानी तक की सुविधा नहीं है। आजादी के 70 साल के बाद भी जो बुनियादी सुविधाएं पहुंचनी चाहिए थीं, नहीं पहुंची हैं।

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने कहा कि बिहार का हर युवा बदलाव चाहता है, लेकिन सवाल है कि बदलाव कैसे लाया जा सकता है। लोकतंत्र में वोट के माध्यम से ही मूलभूत सुविधाओं के लिए बदलाव लाया जा सकता है। इसलिए मेरे मन में आया कि क्यों न युवाओं के लिए एक पार्टी बनाई जाए।

'पार्टी में जो भी लोग जुड़ेंगे, वे संवेदनशील होंगे'

'हिंद सेना' की विचारधारा को सामने रखते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में जो भी लोग जुड़ेंगे, वे संवेदनशील होंगे और न्याय तथा सेवा उनका सिद्धांत होगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य जात-पात, धर्म और वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर जनता को एक पारदर्शी, ईमानदार और व्यवस्थित शासन देना है।

'पार्टी बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेगी'

लांडे ने कहा, 'बिहार को अब पुराने नारों और खोखली राजनीति से बाहर निकलकर एक नए नेतृत्व की जरूरत है, जो मानवता, न्याय और सेवा को प्राथमिकता दे, न कि केवल भावनात्मक मुद्दों के सहारे जनता को भ्रमित करे।' हाल ही में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) से वीआरएस ले चुके लांडे ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। बिहार की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवा कोई भी हो, हर सीट पर चेहरा शिवदीप वामनराव लांडे ही रहेगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article