Patna Firing: पटना में अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं। आज सुबह शहर के सबसे पॉश इलाके में लूटपाट और फायरिंग की घटना हुई। अपराधियों ने बिहार सरकार के मंत्री और हाई कोर्ट जज के आवास के बाहर इस वारदात को अंजाम दिया। यह इलाका पटना के सबसे उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्रों में आता है। इसके बावजूद इस वीवीआईपी इलाके में फायरिंग कर अपराधियों ने सीधे तौर पर पुलिस को चुनौती दी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पटना के पॉश इलाके में फायरिंग
घायल व्यक्ति की हालत गंभीर
अपराधियों ने गुरुवार सुबह मंत्री अशोक चौधरी और कई मंत्रियों के आवास के नजदीक लूटपाट के दौरान एक युवक को गोली मार दी। यह घटना पोलो रोड पर हुई, जोकि एयरपोर्ट, सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास के काफी करीब है। इस वारदात से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके की नाकाबंदी की गई। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे हवाई अड्डा थाना के तहत पोलो रोड पर फायरिंग की घटना की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जहां पता चला कि राहुल नाम के व्यक्ति पर दो बाइक सवार लोगों ने गोली चला दी है। घटनास्थल से खोखा भी बरामद हुआ है। मौके पर एफएसएल टीम और डॉक स्क्वाड को भी बुलाया गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
