Sasaram Traffic Jam: महाकुंभ मेला क्षेत्र में भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। संगम स्थान पर स्नान करने के लिए लोग अपने पर्सनल व्हीकल, ट्रेन, बस और फ्लाइट से यहां पहुंच रहे हैं। इस बीच सड़क मार्गों पर भारी जाम लग रहा है। हाल ही में मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के सासाराम में 30 किमी लंबा जाम लगा होने की खबर सामने आई है। महाकुंभ के लिए जा रहे यात्री जाम में फंसे हुए हैं। लोगों को जाम के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को कई-कई किमी पैदल यात्रा करनी पड़ रही है ताकि वह आज स्नान कर सकें। बता दें कि कोलकाता-वाराणसी हाईवे (NH 19) पर भी 30 से 35 किमी का लंबा जाम लगा हुआ है। महाकुंभ जाने वाले लोगों समेत हजारों वाहन यहां जाम में फंसे हुए हैं। यह जाम रात से लगा हुआ है और इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नो व्हीकल जोन बना महाकुंभ मेला क्षेत्र
महाकुंभ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 15 से 16 फरवरी को महाकुंभ मेला क्षेत्र को 'नो व्हीकल जोन' में रखा गया है। यहां हर प्रकार के वाहनों पर रोक लग गई है। इस कारण से लोगों को महाकुंभ मेला क्षेत्र में संगम घाट तक पैदल यात्रा करनी पड़ रही है। स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर इसे बढ़ाया भी जा सकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
