Patna Train Update: होली पर घर आने जैसी ही स्थिति त्योहार बाद लौटने वाले यात्रियों की है। ट्रेनों में यात्रियों की काफी भीड़ है। गुरुवार से प्रवासी अपने-अपने शहर लौटने लगे हैं। वैसे, इस दिन पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल और दानापुर यात्रियों की भीड़ कम रही। वहीं, शुक्रवार की सुबह से ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गई है। ऐसी स्थिति है कि जनरल बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं है। बिहार से बाहर जाने वाली रेगुलर ट्रेनों में 20 मार्च तक कंफर्म सीट नहीं है।
रेलवे की ओर से दो दर्जन से अधिक त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रहीं हैं। इस बारे में पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) वीरेंद्र कुमार का कहना है कि जरूरत के मुताबिक स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा के लिए रतलाम, कोटा, आगरा फोर्ट, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पटना, बरौनी और कटिहार के रास्ते अहमदाबाद से गुवाहाटी के लिए ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन रविवार को परिचालित की जाएगी।
अहमदाबाद-गुवाहाटी वन-वे स्पेशल बुधवार की रात पहुंचेगी पटना
ट्रेन नंबर 09467 अहमदाबाद-गुवाहाटी वन-वे स्पेशल बुधवार की रात 2:50 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। रात 11 बजे गुवाहाटी जंक्शन पहुंच जाएगी। फिर कानपुर, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पाटलिपुत्र, बरौनी और कटिहार के रास्ते 10 मार्च को आनंद विहार टर्मिनल से कामख्या के लिए और 11 मार्च को चंडीगढ़ से कामाख्या के लिए एक-एक वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
