Begusarai Crime: बिहार में अपराध बढ़ता जा रहा है। यहां अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और सरेआम आपराधिक वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बेगूसराय से भी सामने आया है। यहां कुछ अपराधियों द्वारा दो सगे भाइयों की निर्मम हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि अपराधी ने दोनों भाइयों को इतनी बुरी तरह से पीटा की उनकी मौत हो गई। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर गेहूं के खेत में फेंक दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यहां दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला बरौनी थाना और सिंघौल थाना क्षेत्र के हरपुर स्थित एक गेहूं खेत का है। पुलिस ने मृतकों की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के दादपुर गांव के निवासी विपिन चौधरी के पुत्र अमन कुमार और चमन कुमार के रूप में की है।
शादी में शामिल होने गए फिर वापस नहीं लौटे
मामले की पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि अमन और चमन दोनों भाई बारात में जाने का कहकर मोटरसाइकिल पर बाहर गए थे। लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं पहुंचे। देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने दोनों की खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों ने बताया कि अब सूचना मिली है कि हरपुर स्थित एक गेहूं के खेत में दो युवकों का शव मिला है। सदर अस्पताल में पहुंचकर जब शवों को देखा गया तो दोनों युवकों की पहचान अमन और चमन के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। बच्चों का शव देख परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
