Bihar Weather Today: बिहार के लोगों को अब ठंड से कुछ राहत मिल रही है। दोपहर के समय धूप खिली रहने से तापमान में वृद्धि हो रही है और ठंड भी कम होने लगी है। लेकिन इस बीच कई जिलों में कोहरे का अलर्ट अभी भी जारी है। बिहार की राजधानी समेत कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहेगा तो वहीं पूर्णिया और किशनगंज समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे का असर यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आने की संभावना जताई है। दिन के साथ बिहार में रात के तापमान में भी कमी आने की संभावना है।
बिहार में मौसम का हाल
बिहार के 10 जिलों में कोहरे का अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, आज बिहार के 10 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज शामिल है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी बिहार में कोहरे का अलर्ट जारी रहेगा। घने कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित रहेगी। चालकों को सतर्क रहते हुए वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
कल बिहार में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार 30 जनवरी को भी बिहार के कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी रहेगा। इस दौरान पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में भी कई जिलों में कोहरे का दौर जारी रहेगा।
