Bihar Weather Today: बिहार में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। यहां हवाओं के पुरवा से पछुआ तो पछुआ से पुरवा बदलते रुख के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। पश्चिम दिशा से चलने वाली पछुआ हवाओं से प्रदेश के तापमान में गिरावट होती है, लेकिन जैसे ही हवाओं का रुख बदलता है और पुरवा हवाएं चलती है तो बिहार के तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पुरवा हवाओं का रुख बदलेगा और प्रदेश में पछुआ हवाएं चलेंगी। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
इस बीच मौसम विभाग ने बिहार में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। बीते कई दिनों से बिहार कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। लेकिन राहत केवल इस बात की है कि दिन के समय धूप खिल रही है। धूप खिली होने से लोगों को ठंड और कनकनी से कुछ राहत मिल रही है। रविवार को प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई थी। वहीं पुरवा हवाओं के कारण न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बिहार में घने कोहरे का अलर्ट
पटना मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, आज बिहार के पूर्वी-पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, शिवहर, सीतामगढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरनगर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, नवादा, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबााद, कैमूर, रोहतास, अरवल, गया, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, शेखपुरा, बांका, जमुई, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मकर संक्रांति पर कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो बिहार का मौसम 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन भी सुहावना बना रहेगा। दिन से समय धूप खिली रहेगी। तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। धूप की गर्माहट से लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना है। लेकिन बता दें कि प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, औरंगाबाद, अरवल और रोहतास में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
