Bihar Weather Today: बिहार में मानसून फिर रूठने लगा है। पिछले कुछ दिनों से बिहार में एक बार फिर बारिश की कमी हो रही है। मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बिहार की राजधानी पटना में भी सूखे जैसा हालत हो गया है। दो दिन से यहां बारिश की बूंद भी नहीं बरसी है। उमस से लोगों को हाल बेहाल होने लगा है। लेकिन अब परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मानसून एक बार फिल वापस आने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने बताया की रविवार से मौसम की चाल फिर बदलेगी और लोगों को राहत देने के लिए बारिश दस्तक देगी।
बिहार में आज मौसम
इस दिन एक्टिव होगा मानसून
मौसम विभाग ने बताया की धीमी पड़ी मानसून की चाल 18 अगस्त से फिर रफ्तार पकड़ेगी। रविवार को मानसून के सक्रिय होने के साथ कई जिलों में बारिश होगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम में निम्न दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही एक चक्रवातीय परिसंचरण समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर फैला हुआ है। बताया जा रहा है कि निम्न दबाव वाला ये क्षेत्र उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके कारण दो से तीन दिन तक उत्तर पूर्वी बिहार और दक्षिण-पश्चिमी बिहार के जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें - Weather Today: Delhi-NCR में आज बारिश के आसार, उमस से मिलेगी राहत; जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल
आगामी दिनों में इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-मध्य और पश्चिमी बिहार में मेघगर्जन और वज्रपात होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि बिहार के कई जिलों में 18 अगस्त से 20 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 18 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और गाय में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 19 अगस्त को गोपालगंज, रोहतास, कैमूर, बक्सर, औरंगाबाद, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में बारिश की संभावना है। 20 अगस्त को औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, नवादा, गया, जमुई और बांका में बारिश का अलर्ट है।
