Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01-September-2025: बिहार में मानसून अपने अंतिम दौर की ओर बढ़ रहा है। पिछले एक सप्ताह में प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिली है। जिसके चलते तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। साथ ही उमस और गर्मी भी बढ़ गई है। सोमवार को भी सुबह से ही पटना समेत कई जिलों में तेज धूप निकली। जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। साथ ही हवा में नमी के कारण उमस भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश का अनुमान जताया है। लेकिन आज भी प्रदेश का मौसम उमस भरा रहने की संभावना है।
आज बिहार का मौसम
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में आज 26 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बिहार में सोमवार को उत्तर-पश्चिमी और उत्तर मध्य भाग के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। आज प्रदेश में पश्चिम चंपारण, सारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोपालगंज, भोजपुर, रोहतास, सिवान, खगड़िया, कैमूर, वैशाली और बांका के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
पटना में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने वाले हैं। साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। जिले में एक-दो स्थानों पर ठनका गिरने की भी आशंका है। रविवार को भी पटना में सुबह के समय एक-दो जगहों पर बूंदाबांदी देखने को मिली। वहीं दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहे। बारिश की कमी से लोगों को गर्मी का एहसास भी हुआ। पिछले 24 घंटे में पटना में अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट आई है, इस दौरान अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
औरंगाबाद में हुई सबसे अधिक बारिश
बिहार में रविवार को पांच जिलों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक बरसात औरंगाबाद में हुई। जहां 24.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बिहार में रविवार को सबसे अधिक पारा पूर्णिया में 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान सबसे कम तापमान मोतिहारी में 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बिहार में अब तक 29 फीसदी कम बारिश
बिहार में इस बार मानसून की शुरुआत से अगस्त तक औसत से 29 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। सितंबर की शुरुआत में भी बारिश में कमी देखने को मिल सकती है। इस बार प्रदेश में मानसून का प्रदर्शन कमजोर बताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 20 दिनों तक प्रदेश में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड होने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी औसत से अधिक रहने की संभावना है। जिसके चलते उमस से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
बिहार में बाढ़ की चपेट में कई गांव
बिहार में मानसून कमजोर होने और बारिश में कमी होने के बावजूद गंगा का जलस्तर उफान पर हैं। और इसमें लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जिसके चलते बेगूसराय और मुंगेर जैसे जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। साथ ही प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। कई जगहों पर लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर जाना पड़ा।
