Bihar Weather Report: बिहार में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दिन का तापमान काफी गिर गया है। विशेष रूप से दक्षिण बिहार के जिलों में बादल छाए रहने से तापमान में और गिरावट आई है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक बिहार में इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। दिन का तापमान और गिर सकता है, लेकिन रात के तापमान में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
फाइल फोटो।
इन जिलों में कोहरे का असर
उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार दोनों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और भागलपुर जैसे जिलों में कोहरे का असर अधिक देखा गया। इसके साथ ही घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कई जगहों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। पटना में घने कोहरे के कारण इंडिगो की दिल्ली से पटना आने वाली उड़ान रद्द कर दी गई।
बिहार में प्रदूषण का भी असर
इतना ही नहीं, कोहरे के साथ ही पटना में वायु प्रदूषण भी तेजी से बढ़ा है। गुरुवार को प्रदूषण का स्तर बुधवार की तुलना में अधिक रहा। बढ़ते प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
बता दें कि पटना में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले एक सप्ताह तक तापमान में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। औसत अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 14-16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
