Bihar Weather Report: बिहार में मौसम में आए बदलाव के कारण ठंड और कोहरे का प्रकोप बढ़ गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है, जिससे लोगों को वाहन चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने भी कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
तापमान में लगातार गिरावट
इसके साथ ही बिहार में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अररिया और जीरादेई राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे हैं, जबकि डेहरी सबसे ठंडा स्थान रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। राज्य में पारा लगातार नीचे गिर रहा है और औसत न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी कुमार गौरव ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
बेगूसराय में दिखा ठंड का कहर
बेगूसराय में पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को तो दिन के 11:30 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया। तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक ही सीमित रहा और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बुधवार रात से ही कोहरे का असर शुरू हो गया था, जिसके कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दे रहे थे। लोगों को गर्म कपड़े पहनने और अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। बढ़ती ठंड और घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए अत्यंत ठंडे मौसम का अनुमान लगाया है। बताया गया है कि बिहार में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही, देर रात से सुबह तक घना कोहरा छाया रहने की संभावना है।
