Bihar Weather Report: बिहार में इस समय ठंड का असर कम नहीं हो पा रहा है, लेकिन मौसम विभाग ने जानकारी दी कि रविवार से तापमान में हल्की वृद्धि होने की संभावना है। हवा के रुख में बदलाव के कारण अगले तीन दिनों तक ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवा के स्थान पर अब पुरवा हवा चलेगी, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इससे ठंड में कुछ कमी आ सकती है।
फाइल फोटो।
हालांकि, पिछले कुछ दिनों से राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही थी, जिसके कारण ठंड में लगातार वृद्धि हो रही थी। शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान में गिरावट आई, जिससे ठंड और बढ़ गई।
डेहरी में सीजन का सबसे ठंडा तापमान
बिहार के रोहतास जिले के डेहरी में इस सीजन का सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राज्य का सबसे गर्म शहर फारबिसगंज और खगड़िया रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
10 डिग्री से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान
बिहार में शनिवार को प्रदेश के 25 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। इनमें डेहरी, पूसा, मोतिहारी, अगवानपुर, गोपालगंज, जमुई और अन्य शहरों का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया, जिससे रात में सर्दी का एहसास और अधिक बढ़ गया।
पटना का तापमान
राजधानी पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
इन शहरों का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे
डेहरी: 4.5°C
पूसा: 5.5°C
मोतिहारी: 5.8°C
अगवानपुर: 6.1°C
गोपालगंज: 6.2°C
जमुई: 6.3°C
जीरादेई: 6.5°C
बांका: 6.8°C
पुपरी: 7.1°C
बक्सर: 7.2°C
वैशाली: 7.2°C
मधेपुरा: 7.3°C
औरंगाबाद: 7.8°C
दरभंगा: 7.8°C
मधुबनी: 7.9°C
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार के बाद बिहार के मौसम में हल्का बदलाव दिख सकता है। अगले तीन दिनों में तापमान में वृद्धि होने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
