पटना

Bihar News: बिहार में फिर बदला टीचरों के स्कूल आने का समय, अब 9 बजे नहीं इस टाइम पर आना होगा विद्यालय

बिहार में टीचरों के स्कूल आने का समय 9 बजे से बदलकर 9:45 कर दिया गया है। वहीं शाम को स्कूल 5 बजे की जगह अब 4:15 बजे बंद होगा। पुराने समय को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।

Image

बिहार में टीचरों के स्कूल आने का समय बदला

Bihar School Timing: बिहार में शिक्षकों के स्कूल आने का समय फिर से बदला गया है। अब टीचरों के लिए स्कूल खुलने का नया समय सुबह 9:45 बजे से शुरू होगा और शाम को 4:15 बजे स्कूल बंद हो जाएगा। इससे पहले स्कूल का समय सुबह 9 बजे से शाम के 5 बजे तक तय किया गया था। जिसे तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। अब टीचरों को 9 बजे की जगह 9 बजकर 45 मिनट पर स्कूल आना होगा। वहीं बच्चों के लिए स्कूल 10 बजे से 4 बजे तक ही खुलेगा। चार बजे बच्चों की छुट्टी हो जाएगी, जिसके 15 मिनट बाद शिक्षक भी अपने घर चले जाएंगे। आइए देखते हैं कि नई समय सारिणी कैसी है?

Bihar School Teacher Time

बिहार स्कूल के टीचरों का नया समय

शिक्षा विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार शिक्षा विभाग ने पहले स्कूलों का समय बदल सुबह 9 बजे से शाम के 5 बजे तक कर दिया था। जिसके बाद से ही शिक्षक इसका विरोध कर रहे थे और इस मुद्दे पर विधानमंडल में विधायकों ने भी नाराजगी जताई थी। जिसके बाद सीएम नीतीश कुमार ने स्कूलों के समय को बदलने का आदेश दिया था। जिसके बाद आज शिक्षा विभाग ने स्कूलों का समय फिर से बदल दिया है। अब स्कूलों का समय 9:45 बजे से 4:15 बजे तक रहेगा। इस संबंध में बिहार के शिक्षा विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।

शनिवार को रहेगा हाफ डे

नई अधिसूचना के अनुसार टीचर सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर स्कूल आएंगे। 10 बजे से साढे़ दस बजे तक चेतना सत्र रहेगा। पढ़ाई की पहला पीरियड साढ़े दस बजे से 11:20 बजे तक रहेगी। दूसरा पीरियड 11:20 बजे से 12 बजे तक, तीसरा 12 बजे से 12:40 तक, चौथा 12:40 से 1:20 तक, पांचवां 1:20 से 2 बजे तक, छठवां 2 से 2:40 बजे तक, सातवां 2:40 से 3:20 बजे तक और आठवां 3:20 से 4 बजे तक रहेगा, जिसके बाद छात्र-छात्राओं की छुट्टी कर दी जाएगी। 4:15 पर टीचरों की भी छुट्टी हो जाएगी। इसके अलावा शनिवार को सरकारी स्कूलों में 2 बजे तक हाफ डे रहेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article