पटना

बिहार: अररिया में कांग्रेस की ‘पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’में हंगामा, कार्यक्रम छोड़ दिल्ली निकले कन्हैया कुमार

अररिया में जब यात्रा एसएसबी परिसर के पास पहुंची तो पार्टी कार्यकर्ता कन्हैया कुमार के करीब आने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए एक-दूसरे से धक्का-मुक्की कर रहे थे।

Image

पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता

Photo : Twitter

बिहार के अररिया जिले में कांग्रेस की ‘पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’ में उस समय हंगामा मच गया जब कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार के निजी सुरक्षा गार्डों ने कथित तौर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को धक्का दे दिया। पार्टी कार्यकर्ता कुमार के साथ सेल्फी लेने के लिए उनके करीब जाने की कोशिश कर रहे थे, उसी दौरान कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश में निजी सुरक्षा गार्डों ने उन्हें धक्का दे दिया।

क्या है पूरा मामला

पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, रविवार को जब यात्रा एसएसबी परिसर के पास पहुंची तो पार्टी कार्यकर्ता कन्हैया कुमार के करीब आने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए एक-दूसरे से धक्का-मुक्की कर रहे थे। हालांकि, कन्हैया कुमार के निजी सुरक्षा गार्डों ने इसका विरोध किया और उन्होंने कथित तौर पर कुछ कार्यकर्ताओं को धक्का दे दिया। इसके कारण पार्टी कार्यकर्ताओं और निजी सुरक्षा गार्डों के बीच कथित तौर पर हाथापाई हुई।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे कुमार बीच में ही यात्रा छोड़कर चले गए। घटना अररिया में एसएसबी परिसर के पास हुई।

यात्रा के 15वें दिन अररिया पहुंचे थे कन्हैया कुमार

कांग्रेस की ‘पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’ 16 मार्च को पश्चिम चंपारण जिले के भितिहरवा आश्रम से शुरू हुई थी। यह वही जगह है जहां से महात्मा गांधी ने 1917 में अपना प्रसिद्ध चंपारण सत्याग्रह शुरू किया था। ‘पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’ के 15वें दिन कुमार अररिया पहुंचे। अररिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष जाकिर अनवर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कन्हैया ने यात्रा बीच में ही छोड़ दी क्योंकि उन्हें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए दिल्ली जाना था। कन्हैया के जाने के बाद भी यात्रा जारी रही... वह सोमवार को यात्रा में शामिल होंगे।’’

कांग्रेस की यात्रा तीन चरणों में

कांग्रेस की यात्रा तीन चरणों में यह पूरे राज्य से होकर गुजरेगी तथा 14 अप्रैल को बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती पर पटना में यात्रा का समापन होगा। यात्रा के एक चरण में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भी एक दिन के लिए यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article