पटना

Bihar Accident: भोजपुर में ट्रक की जोरदार टक्कर से ऑटो के उड़े परखच्चे, चार लोगों की मौके पर मौत

बिहार में एक ऑटो में सवार लोग कैमूर जिले के गुप्ता धाम में बच्चे का मुंडन कराकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में ऑटो का पेट्रोल समाप्त हो गया। जब ऑटो पेट्रोल पंप के पास मुड़ा तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।

Image

रोड एक्सीडेंट

Bihar Accident News: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ऑटो पर सभी सवार लोग गुप्ता धाम से एक बच्चे का मुंडन करा कर वापस गांव लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, पटना के दाउदपुर गांव के रहने वाले नारायण महतो के पुत्र के मुंडन को लेकर कई लोग कैमूर जिले के गुप्ता धाम गए थे। सभी लोग पूजा अर्चना के बाद एक ऑटो पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ऑटो में पेट्रोल समाप्त हो गया।

पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

ऑटो का चालक पेट्रोल लेने के लिए पेट्रोल पंप के पास मुड़ रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं बताई जा रही हैं। मृतकों की पहचान वैशाली जिले के फतेहपुर थाना राघोपुर नौका पट्टी निवासी मनोज महतो का पुत्र अजित कुमार, वैशाली जिले के छवासिया गांव की सुहागी देवी, पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के दाउदपुर निवासी सुहाग्या देवी और सिरातिया देवी के रूप में हुई है।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत, बचाव कार्य में जुट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना में पांच से छह लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें