पटना

बिहार राम नवमी हिंसा: रोहतास में स्कूल बंद, सासाराम में धमाका, जानिए अब तक का अपडेट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 3, 2023, 09:46 AM IST

बिहारशरीफ और नालंदा में कुल 112 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा को देखते हुए रोहतास में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जानिए अब तक का अपडेट।

Image

बिहार राम नवमी हिंसा

Photo : ANI

Bihar Ram Navami Violence: बिहार में रामनवमी के बाद रोहतास और नालंदा में तनाव बरकरार है। गुरुवार को भड़की हिंसा शनिवार रात तक जारी रही, जिसके बाद पुलिस को कई गिरफ्तारियां करनी पड़ीं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिहारशरीफ में निषेधाज्ञा लागू रही।दोनों जगहों में सांप्रदायिक भड़कने के बाद कई वाहनों, घरों और दुकानों को आग लगा दी गई और कई लोग घायल हो गए। इन दो जगहों पर ताजा हिंसा भड़कने के बाद बिहारशरीफ और नालंदा में कुल 112 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा को देखते हुए रोहतास में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जानिए अब तक का अपडेट।

सासाराम में धमाके की आवाज

रोहतास जिले के सासाराम में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके को लेकर पुलिस अपनी सफाई में जुटी हुई है। इसे लेकर एसएचओ संतोष कुमार ने कहा कि हमें तेज आवाज के बारे में पता चला जो स्थानीय लोगों ने सुनी थी, जब हम मौके पर गए तो हमने पाया कि आवाज पटाखे की थी। इसके अलावा और कुछ नहीं है।

बिहार के डीजीपी ने किया दौरा

बिहार के डीजीपी आरएस भट्टी ने रविवार को बिहार शरीफ में हिंसा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। पुलिस ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, 77 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बिहार के सासाराम के रोहतास में शनिवार को बम विस्फोट में कम से कम छह लोग घायल हो गए। धमाका शनिवार शाम शेरगंज मोहल्ले में हुआ था। बिहार पुलिस ने विस्फोट के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बिहार पुलिस के मुताबिक, रोहतास के सासाराम में बम विस्फोट की घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने कहा कि विस्फोट एक झुग्गी में हुआ था और इलाके से एक स्कूटी बरामद की गई है। यह एक सांप्रदायिक घटना नहीं लगती है।

सासाराम में तनाव बरकरार

सांप्रदायिक झड़पों के एक दिन बाद भी सासाराम में तनाव बना हुआ है, जबकि बिहारशरीफ प्रशासन ने शनिवार को दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है और कोई ताजा झड़प नहीं हुई है। सासाराम के डीएम धर्मेंद्र कुमार ने एएनआई को बताया कि सासाराम में एक बम विस्फोट हुआ था। घायल लोगों को बीएचयू अस्पताल में रेफर किया गया था। हम अभी सभी कोणों की जांच कर रहे हैं। विस्फोट का कारण अज्ञात है।

पुलिस के मुताबिक, अब तक 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, यहां सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया है। सासाराम में टाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाह जलालपीर, कादिरगंज, गोला रोड, शेरगंग प्रभावित क्षेत्र हैं। इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 नहीं लगाई गई है। वहीं, नालंदा के बिहारशरीफ में शनिवार शाम दो गुटों के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि मुकेश कुमार की पहाड़पुर इलाके में गोलीबारी की घटना में मौत हो गई।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article