आगामी शुक्रवार यानी 14 मार्च 2025 को रंगों का त्योहार होली मनाया जाएगा। होली के अवसर पर हंसी-ठिठोली एक-दूसरे को रंगने तक तो ठीक है। लेकिन अश्लील भोजपुरी गाना बजाने पर जेल की हवा खानी पड़ सकती है। जी हां, बिहार पुलिस ने यह सख्त आदेश जारी किया है। अगर होली का पर्व सौहार्द और खुशी-खुशी मनाना चाहते हैं तो हमारी तो यही सलाह है कि अश्लील भोजपुरी गाने बजाने के बारे में सोचें भी नहीं।
बिहार पुलिस ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। कहा गया है कि अगर कोई शख्स अश्लील भोजपुरी गीत बजाता है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अगर आप होली का भरपूर लुत्फ लेना चाहते हैं और किसी मुसीबत में नहीं फंसना चाहते हैं और कानूनी कार्रवाई से भी बचना चाहते हैं तो अश्लील भोजपुरी गाने न बजाएं।
जेल की हवा खानी पड़ेगी
पुलिस के निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील भोजपुरी गाने बजाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। इसका उल्लंघन करने वाले लोगों को जेल की हवा खानी पड़ सकती है।
यहां भी प्रतिबंध
बिहार पुलिस हेडक्वार्टर की ओर से राज्य के सभी SP, DIG और IG को साफ निर्देश दिए गए हैं। जिसमें कहा गया है कि सार्वजनिक स्थानों, समारोहों, बसों, ट्रकों, ऑटो रिक्शा आदि में अश्लील और डबल मीनिंग भोजपुरी गाने बजाने वालों पर कड़ी नजर रखें। इस तरह के द्विअर्थी गानों का समाज पर नकारात्मक असर पड़ता है और महिलाओं व बच्चों के लिए यह विशेषतौर पर हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा देता है।
BNS की धाराओं में कार्रवाई
ऐसे अश्लील और द्विअर्थी भोजपुरी गानों के चलते महिलाएं स्वयं को असहज महसूस करती हैं। इससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंचती है। ऐसे गानों का बच्चों की मानसिकता पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है और उन्हें गलत दिशा में सोचने को मजबूर करते हैं ये अश्लील गाने। इस तरह के अश्लील गाना बजाने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता 2023 की कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए बिहार पुलिस ने विशेष अभियान भी चलाने का निर्णय लिया है।
