Bihar Weather Report: बिहार में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। पर्वतीय इलाकों में हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। रविवार को बिहार में सबसे कम तापमान रोहतास के डेहरी में दर्ज किया गया, जहां पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पटना में भी तापमान में गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में घने कोहरे और शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
बिहार में शीतलहर का प्रभाव
इसके साथ ही राज्य में शीतलहर बढ़ती जा रही है। पटना में रविवार को न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस गिरकर 15.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं, अधिकतम तापमान भी 1.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को ठंड का अहसास और भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि सोमवार को भी बिहार के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहेगा और मंगलवार को स्थिति और बिगड़ सकती है।
शेखपुरा में गिरा सबसे अधिक तापमान
बता दें कि बिहार में ठंड ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। राज्य के कई जिलों में रविवार को तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान में गिरावट शेखपुरा में देखी गई, जहां पारा 2.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
कहां कितना रहा तापमान?
- मधेपुरा: यहां तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस गिरा है।
- मोतिहारी: इस जिले में तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।
- बक्सर: बक्सर में तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है।
- भोजपुर: भोजपुर में तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस गिरा है।
- औरंगाबाद: औरंगाबाद में तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है।
- गया: गया में तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरा है।
- वैशाली: वैशाली में तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है और प्रदेश में शीतलहर चलने की संभावना है। सूबे में शाम छह से आठ बजे के बीच तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा रही है। रात दस बजे के बाद तापमान और भी गिर जाता है और सुबह आठ बजे तक काफी ठंड रहती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हवाओं के कारण बिहार में शीतलहर चलने की संभावना है। इन हवाओं के चलने से तापमान और भी गिर सकता है।
