मुंगेर की एक महिला एसआई को वर्दी में रील्स बनाना भारी पड़ने वाला है। बरियारपुर थाने में पोस्टेड एसआई पूजा वर्मा की इंस्ट्राग्राम आईडी पर पुलिसवर्दी में और सरकारी हथियार के साथ कई विडियोज अपलोड हैं। ये वीडियो अब उनकी चिंता बढ़ाने वाले हैं। पूजा वर्मा के ऊपर ऑन ड्यूटी वीडियो बनाने को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार कोई पुलिसकर्मी ऑन ड्यूटी या थाने में वीडियो नहीं बना सकता है। इस नियम का पालन न करने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई का आदेश है।
इंस्ट्राग्राम की एक्टिव यूजर हैं पूजा
मुंगेर की महिला एसआई पूजा वर्मा इंस्टाग्राम की एक्टिव यूजर हैं। उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। अपनी आईडी पर वे लगातार वीडियोज अपलोड करती रहती हैं, जिनमें से कई वीडियो में उनके पीछे थाना दिख रहा हैऔर कुछ में वे खुद पुलिस की वर्दी में दिख रहीं हैं। उनकी रिल्स पर व्यूज भी मिलियन में है। लेकिन अब यहीं रील्स उनके लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं। उनके ऊपर जांच का आदेश आया है, एसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी की ओर से ये आदेश दिए गए है। जांच के बाद उन पर कार्रवाई भी हो सकती है।
आरोप साबित होने पर कार्रवाई
मुंगेर एसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने बताया कि उन्हें भी इस मामले की जानकारी मिली है इस मामले में वीडियो की जांच की जाएगी। अगर उन पर लगे आरोप सही पाए जाते है तो उनपर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाने को लेकर एसपी पहले भी हिदायत दे चुके हैं। वे अक्सर टाइट पुलिसिंग के लिए अचानक निरीक्षण करते रहते हैं। जब उन्होंने अपने कार्यालय में निरीक्षण किया था, तब उन्हें कई पुलिस कर्मी बिना वर्दी के दिखे थे और एक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर फोन चला रहा था, तभी उन्होंने पुलिसकर्मियों कोसुधार लाने की हिदायत दी थी।
