पटना

नीतीश कुमार ने मोदी सरकार की तारीफ में बांधे पुल, बिहार चुनाव से पहले दे दिए ये संकेत

Bihar Politics: नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा शुरू से कृषि पर जोर देने का लक्ष्य रहा है। बिहार में रोडमैप बनाकर कृषि के विकास के लिए काम किया गया। यह मैप लागू करने से कृषि का विकास हुआ है। इसके अलावा दूध, अंडा और मछली का उत्पादन भी बढ़ा है।

Image

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी के सरकार की तारीफ की।

Nitish Kumar on Modi Sarkar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर में आयोजित पीएम किसान सम्मान समारोह में सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है तथा बिहार के विकास में सहयोग मिल रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर के किसानों को खुशियों की सौगात देते हुए पीएम किसान सम्मान योजना की 19वीं किश्त जारी की। इसके तहत 9.7 करोड़ से अधिक किसानों को 21,500 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता दी गई। इसके अलावा भी कई योजनाओं की सौगात मिली।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए नीतीश कुमार ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2005 में हमलोग सत्ता में आए थे। उसके पहले बिहार की क्या हालत थी। शाम के बाद कोई घर से नहीं निकलता था और समाज में काफी विवाद होता था। हिंदू, मुसलमान में भी झगड़ा होता था, तब बिहार के 28 हजार करोड़ रुपये थे, लेकिन आज यह तीन लाख करोड़ रुपये हो गया।

उन्होंने केंद्रीय बजट की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में मखाना बोर्ड, ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नगर के लिए वित्तीय सहायता, प्रसंस्करण संस्थान की स्थापना का ऐलान किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार को पिछले केंद्रीय बजट में भी काफी कुछ दिया गया था।

बिहार के 76 हजार से अधिक किसानों को मिला लाभ

नीतीश कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि बिहार से देश भर के किसानों के लिए किसान सम्मान निधि की राशि उनके खाते में भेजी जा रही है। इसमें बिहार के 76 हजार से अधिक किसान शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा शुरू से कृषि पर जोर देने का लक्ष्य रहा है। बिहार में रोडमैप बनाकर कृषि के विकास के लिए काम किया गया। यह मैप लागू करने से कृषि का विकास हुआ है। इसके अलावा दूध, अंडा और मछली का उत्पादन भी बढ़ा है। पहले हम मछली दूसरे राज्यों से मंगवाते थे और अब हम आत्मनिर्भर हो गए हैं। उन्होंने बिहार आने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article