Bihar Flood: बिहार में नेपाल से आ रहे पानी ने तबाही मचा रखी है। कोसी, गंडक और गंगा समेत कई नदियां उफान पर है। रिपोर्ट्स के अनुसार बिहार के 30 जिले इस समय बाढ़ से प्रभावित हैं। हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।
बिहार में बाढ़ से स्थिति गंभीर
ये भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ के लिए नेपाल कैसे है जिम्मेदार? अचानक से आता है पानी और मच जाती है 28 जिलों में तबाही
बिहार में कौन-कौन सी नदियां उफान पर
बिहार में बाढ़ की स्थिति शनिवार को भी गंभीर बनी रही, क्योंकि कई नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) ने अपने बुलेटिन में कहा कि कोसी, गंडक, बागमती, बूढ़ी गंडक और गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसमें कहा गया है कि कर्मचारी अलर्ट पर हैं और संवेदनशील स्थलों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं।
बिहार के कितने जिले बाढ़ से प्रभावित
अधिकारियों ने कहा कि पिछले महीने से राज्य के 38 जिलों में से 30 में आई बाढ़ से 40 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक प्रभावित जिलों में पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, मधेपुरा और मुजफ्फरपुर शामिल हैं।
गंगा में जल वृद्धि के कारण 28.34 लाख प्रभावित
आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) ने कहा कि सितंबर के तीसरे सप्ताह में गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण आई बाढ़ से 28.34 लाख लोग प्रभावित हुए। इसमें कहा गया है- ‘‘दूसरे चरण में, नेपाल से गंडक, कोसी, बागमती, महानंदा, कमला बलान और कई अन्य नदियों में भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण आई बाढ़ से कुल 16.68 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।’’
