Bihar Diwas 2023: प्रति वर्ष 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाता है। यह दिन बिहार राज्य के गठन का प्रतीक है। यह प्रदेश पहले ग्रेटर बंगाल का हिस्सा था। इस क्षेत्र का विभाजन और बिहार राज्य का गठन 22 मार्च 1912 में हुआ था। लेकिन बिहार दिवस मनाने की शुरुआत काफी बाद की गई। बिहार दिवस का वार्षिक आयोजन नीतीश कुमार की पहल के तहत 2010 में शुरू हुआ। तब से हर साल बिहार दिवस मनाया जाता है।
बिहार दिवस 2023
ग्रेटर बंगाल से अलग कर बिहार को स्वतंत्र पहचान देने की शुरुआत 12 दिसंबर 1911 को प्रारंभ हो गई थी। इस गुप्त निर्णय का खुलासा किंग जॉर्ज पंचम ने दिल्ली दरबार में किया था। 2012 से पहले बिहार ग्रेटर बंगाल का हिस्सा था। उस समय के बिहार पर शासन कलकत्ता में लेफ्टिनेंट सरकार और उनके सचिवालय द्वारा होता था।
अंग्रेजी शासन में बिहार और उड़ीसा के पहले लेफ्टिनेंट-गवर्नर चार्ल्स स्टुअर्ट बेली थे। उन्होंने 1 अप्रैल 1912 को पदभार ग्रहण किया। वे इस पद पर 19 नवंबर, 1915 रहे। इस दौरान वर्तमान पुराने सचिवालय और पटना हाईकोर्ट के निर्माण की आधारशिला रखी गई थी।
अंग्रेजो ने 1912 में बंगाल प्रांत से अलग करके बिहार को एक नई पहचान दी थी। बिहार अपने गठन के 111 साल पूरा कर रहा है। बिहार दिवस पर हर साल बिहार में सार्वजनिक अवकाश यानी पब्लिक हॉलिडे होता है। बिहार में स्कूल कॉलेजों और कार्यालयों में छुट्टियां होती हैं।
बिहार दिवस भारत के अलावा दुनिया कई देशों में मनाया जाता है क्योंकि बिहार के लोग कई देशों में रहते हैं। यह दिवस कनाडा, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, त्रिनिदाद टोबैगो, मॉरीशस, फिजी समेत कई देशों में भी मनाया जाता है। विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन के जरिये इस दिवस को मनाया जाता है।
