Bihar Crime: बिहार के अररिया जिले में शनिवार यानी आज दो लोगों की हत्या का मामला आया है। हत्या की इस वारदात को संपत्ति के विवाद के चलते अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या गोली मारकर की गई है तो वहीं एक व्यक्ति को आग लगाई गई थी। पुलिस ने मृतकों की पहचान जय कुमार याद और नयन यादव के रूप में की है। यह दोनों दूर के रिश्तेदार थे।
संपत्ति के विवाद के चलते की गई हत्या
अररिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “घटना शनिवार तड़के नवटोला धनसौरी गांव में हुई। ग्रामीणों के अनुसार, संपत्ति विवाद को लेकर नयन यादव ने पहले जय कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद, जय कुमार यादव के रिश्तेदारों ने नयन यादव को जिंदा जला दिया और उसके घर में भी आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।"
एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया घटना के पीछे संपत्ति विवाद का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल से सभी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। एसपी ने कहा, “यह अभी स्पष्ट नहीं है कि नयन यादव की पहले उसके घर के अंदर हत्या की गई और फिर उसके शव को आग लगा दी गई या फिर पहले उसे आग लगाई गई।” उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
(इनपुट - भाषा)
