Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नगर अध्यक्ष राजू सिंह के बेटे की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उनके बेटे संजीव कुमार सिंह (35) की लाश सरायरंजन थाना क्षेत्र के सरैया पुल के पास एनएच-322 सड़क पर मिली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उनके परिजनों ने की। परिजनों ने बेटे की हत्या का आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
मौसी के घर से लौट रहा था संजीव
मिली जानकारी के अनुसार संजीव अपनी मौसी के घर से बाइक लेकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब परिजन उसके मोबाइल फोन पर कॉल करने की कोशिश की तो उनका संपर्क नहीं हो पाया। रविवार सुबह संजीव का शव बाइक के पास पड़ा मिला। बाइक की चाबी भी लगी हुई थी, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
सड़क पर आवाजाही हुई बाधित
लाश मिलने के बाद एनएच-322 पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे सड़क पर आवाजाही बाधित हो गई। मौके पर स्थानीय समाजसेवी और पूर्व जनप्रतिनिधि पहुंचे और लोगों को शांत किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर लाश को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के कारणों का पता लगा रही पुलिस
हिंदुस्तान में छपी खबर के अनुसार, सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों द्वारा कोई औपचारिक शिकायत नहीं की गई है, लेकिन यदि शिकायत दर्ज कराई जाती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से भी घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
