बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 5 अक्टूबर को राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में एक समारोह के दौरान प्रदेश के 87 बेहतरीन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र देंगे। साथ ही 812 खिलाड़ियों को करीब 8 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि भी वितरित की जाएगी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि सरकार की 'मेडल लाओ नौकरी पाओ' योजना के तहत इस साल राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 87 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का चयन पत्र दिया जा रहा है। 87 खिलाडियों में 39 महिला और 48 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों को उनकी योग्यता के अनुसार क्लास वन से लेकर अन्य श्रेणियों में अलग-अलग विभागों में नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर 4200 ग्रेड पे में 10 खिलाड़ियों को चुना गया है, जिनमें 8 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। बाल कल्याण पदाधिकारी के पद पर 5400 ग्रेड पे में एक खिलाड़ी का चयन हुआ है। इसके अलावा 1900 से 2000 ग्रेड पे में 65 खिलाड़ियों को निम्नवर्गीय लिपिक और 11 खिलाड़ियों को कार्यालय परिचारी के पद पर नियुक्त किया गया है।
किन खिलाड़ियों को मिलेगी सम्मान राशि
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक ने बताया कि इस साल राज्य खेल सम्मान के तहत 44 खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले और अच्छा प्रदर्शन करने वाले कुल 812 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल संघ और अधिकारी शामिल हैं। सीएम नीतीश कुमार इस समारोह में करीब 8 करोड़ रुपये (7,43,00,000/-) की सम्मान राशि वितरित करेंगे। सम्मान पाने वालों में 152 पैरा खिलाड़ी, 631 खिलाड़ी, 24 प्रशिक्षक, 5 खेल संघ और 1 खेल अधिकारी शामिल हैं। कुल 783 खिलाड़ियों में 297 महिलाएं और 486 पुरुष खिलाड़ी हैं। साल 2022 से अब तक यानी 2025 तक बिहार सरकार ने 2085 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को लगभग 23.5 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि दी है।
