Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में जल्द ही मौसम का रुख बदलने वाला है। मौसम के बदलते ही बिहार में फिर से ठंड बढ़ने के आसार है। मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी पटना समेत कई जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आईएमडी के अनुसार, पटना में चार डिग्री सेल्सियस तक तापमान नीचे जा सकता है। मौसम में यह बदलाव दक्षिण पश्चिमी भागों में पछुआ हवा चलने से ठंड बढ़ेगी।
आज से बदलेगा बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है और यह अगले दो-तीन दिनों तक जारी रह सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि पटना का तापमान अगले दो दिनों में चार डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। दक्षिण पश्चिमी बिहार में ठंड में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, कुछ दिनों बाद तापमान में फिर से वृद्धि हो सकती है।
बिहार में कोहरे का प्रकोप
सोमवार की सुबह पटना समेत कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। दिन-रात पछुआ हवाओं के कारण ठंड का असर बना रहेगा। फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हवा का पैटर्न तापमान में उतार-चढ़ाव लाएगा। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार बिहार में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
किस जिले में कितना रहा तापमान?
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, वाल्मीकि नगर, बक्सर और अगवानपुर में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई, जबकि पटना और अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई। पटना का न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अगवानपुर (सहरसा) में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
पटना का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा, और दिन में आंशिक बादल भी देखे गए। मधुबनी में 29.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। रविवार को पटना और आसपास के इलाकों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन में धूप के कारण मौसम सामान्य बना रहा।
