Samastipur Mukhiya Murder: बिहार के समस्तीपुर में बनवारी पंचायत के मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से गुस्साए लोग सड़कों पर उतर आए। उन्होंने हलई बाजार को जाम कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर आगजनी भी की। घटना की सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोग एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस स्थिति को नियंत्रति करने की कोशिश में जुटी है।
अपराधियों ने सीने में मारी गोली
यह घटना समस्तीपुर के हलई थाना क्षेत्र के डिहिया पुल से पास की है। जहां शुक्रवार देर रात बनवारी पंचायत के मुखिया नारायण शर्मा को अपराधियों ने मार दी। उनके सीने में गोली लगने से वे बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जख्मी हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जाम के कारण आवागमन ठप
मृतक नारायण शर्मा मोरवा के मुखिया संघ के अध्यक्ष भी थे। हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। वहीं जाम के कारण समस्तीपुर-जन्दाहा मार्ग पर अवागमन पूरी तरह ठप हो गया है जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। मौके पर कई थानों की पुलिस मौजूद है।
