पटना

पटना में ऑटो और ई रिक्शा चालकों की हड़ताल जारी, यात्री परेशान, बुजुर्गों-महिलाओं पर मार

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 4, 2023, 12:46 PM IST

पटना जंक्शन के पूर्वी क्षेत्र में ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा चालकों के अनिश्चितकालीन हड़ताल ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

Image

पटना में ऑटो रिक्शा हड़ताल जारी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Auto Strike in Patna: पटना में शुक्रवार से शुरू हुई ऑटो और ई रिक्शा चालकों की हड़ताल जारी है। पटना जंक्शन से कई मार्गों पर ऑटो और ई रिक्शा नहीं मिलने से यात्री हलकान हैं। लोगों को बाहर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल रहा है। लोग सामान लेकर सफर करने को मजबूर हैं। ऑटो रिक्शा चालक संघ ने कहा है कि अगर सरकार और प्रशासन उनकी मांगों को नहीं मानती है तो बंद आगे भी जारी रहेगा। सोमवार को विरोध प्रदर्शन और फिर मंगलवार को पटना बंद कर चक्का जाम किया जाएगा।

आम लोगों की परेशानी बढ़ी

पटना जंक्शन के पूर्वी क्षेत्र में ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा चालकों के अनिश्चितकालीन हड़ताल ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पटना जंक्शन पर आए यात्रियों में कई लोगों को पीएमसीएच जाना होता है तो कई लोगों को हनुमान नगर तो कई लोग गांधी मैदान जाते हैं। लेकिन ऑटो चालकों की हड़ताल से लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

बुजुर्ग-महिलाएं परेशान

सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और महिलाओं को झेलनी पड़ रही है। ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों ने शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। इनका कहना है कि हड़ताल तबतक जारी रहेगी जबतक की उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं।

पुलिस की कार्रवाई के विरोध में हड़ताल

बिहार राज्य ऑटो रिक्शा टेंपो चालक संघ के उपाध्यक्ष नवीन मिश्रा ने बताया कि गुरुवार की रात टाटा पार्क ऑटो स्टैंड को पुलिस प्रशासन ने अचानक हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान ऑटो चालकों के साथ पुलिस प्रशासन ने बदसलूकी भी की। इसके बाद बिहार राज्य ऑटो रिक्शा टेंपो चालक संघ ने शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान करते हुए कहा कि पटना जंक्शन से पूर्वी रूट पर ऑटो और ई रिक्शा नहीं चलेंगे। नवीन मिश्रा ने बताया कि जब तक ऑटो चालकों के लिए स्टैंड की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाएगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article