Bihar: सिवान में चंदा मांगने गए श्रद्धालुओं पर हमला, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात, पांच लोग घायल

Bihar: बिहार के सिवान जिले में यज्ञ का प्रचार-प्रसार करते हुए चंदा मांग रहे लोगों पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किया गया है। इस घटना में 5 लोग घायल हो गए हैं। स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

Bihar: बिहार के सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में यज्ञ का प्रचार-प्रसार कर रहे कुछ लोगों पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमले की खबर सामने आई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया है। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सीमावर्ती गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के बदरजीमी गांव के लोग कलश यात्रा और यज्ञ के प्रचार-प्रसार के लिए बड़हरिया थाना क्षेत्र के इजमाली गांव में जा रहे थे। इसी दौरान ये लोग चंदा भी मांग रहे थे। आरोप है कि दूसरे पक्षों द्वारा चंदा मांगने वालों पर पथराव कर दिया गया। इस घटना में पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना की सूचना के बाद सिवान के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और लोगों से बातचीत कर रहे हैं। बताया गया कि इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं।

Bihar Police

सिवान में चंदा मांगने गए श्रद्धालुओं पर हमला

यज्ञ का प्रचार-प्रसार कर रहे लोगों पर हमला

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों ने आरोप लगाया है कि गांव के दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल से ऐलान कर भीड़ को उकसाया गया, जिसके बाद उन पर हमला कर दिया गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और गोपालगंज तथा सिवान जिले की पुलिस भारी संख्या में गांव में तैनात है। पुलिस का दावा है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस के मुताबिक, बड़हरिया थाना क्षेत्र के इजमाली गांव में मारपीट होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर अविलंब अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं बड़हरिया थानाध्यक्ष बल के साथ इजमाली गांव पहुंचे जहां पूछताछ एवं जांच शुरू की।

End of Feed