बिहार में सड़क नेटवर्क के विस्तार की योजना बनाई गई है। वार्षिक कार्य योजना के तहत 526 किलोमीटर सड़कों को दो लेन और चार लेन में विकसित किया जाएगा। इस योजना पर अनुमानित खर्च 19,981 करोड़ रुपये होगा। इसके अलावा, 7 नए बाइपास के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है, जिन पर 6,040 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पुलों के निर्माण के लिए 3,758 करोड़ रुपये और 19 आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) के लिए 2,085 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बिहार की 33 हजार करोड़ रुपये की वार्षिक योजना को मंजूरी दे दी है। इनमें से 18 से 19 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लिए पथ निर्माण विभाग पहले ही डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर चुका है। स्वीकृति पत्र जारी होते ही इन परियोजनाओं पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस योजना से राज्य में सड़क यातायात में सुधार होगा और परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी।
एक्सप्रेस-वे एलायनमेंट को लेकर सहमति
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के बीच हुई बैठक में वार्षिक कार्य योजना के साथ-साथ एक्सप्रेस-वे एलायनमेंट को लेकर सहमति बनी है। उम्मीद जताई जा रही है कि 15 अगस्त से पहले मंत्रालय की स्वीकृति से संबंधित पत्र भी जारी कर दिया जाएगा। इस वार्षिक कार्ययोजना के तहत 526 किलोमीटर लंबी सड़कों को टू लेन और फोर लेन में विकसित किया जाएगा।
बाइपासों के निर्माण को मिली मंजूरी
बेतिया से बगहा सड़क और वीटीआर बाइपास के निर्माण पर कार्य शुरू किया गया है। इस परियोजना में कुल 8 सड़कों को शामिल किया गया है, जिनमें बेतिया से बगहा सड़क, अरवल से बिहारशरीफ सड़क, बरियारपुर से बिशुनपुर सड़क, ढाका मोड़ से बेलझर सड़क, विक्रमशिला एप्रोच रोड, मशरख-चकिया-भिट्ठा मोड़ सड़क और नौबतपुर बाजार सड़क शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, इस योजना की कुल लागत लगभग 19,981 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, वार्षिक कार्य योजना के अंतर्गत 7 नए बाइपासों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है, जिनकी लागत लगभग 6,040 करोड़ रुपये होने की संभावना है। इनमें पश्चिम चम्पारण जिले में प्रस्तावित वीटीआर बाइपास, समस्तीपुर बाइपास, औरंगाबाद बाइपास, सिंहेश्वर बाइपास, डुमरांव बाइपास, अरवल बाइपास और दाउदनगर बाइपास शामिल हैं।
एलिवेटेड सड़क का निर्माण शामिल
वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्य योजना के अंतर्गत 227 किलोमीटर लंबाई में दो लेन वाली सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिस पर लगभग 1597 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अतिरिक्त, पुलों के निर्माण हेतु कुल 3758 करोड़ रुपये और 19 रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण के लिए लगभग 2085 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना में पटना के दीदारगंज से सरिस्ताबाद तक एलिवेटेड सड़क का निर्माण भी शामिल है।
